राज्यपाल ने ‘सेवा, समर्पण और नवाचार के पांच वर्ष’ कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन

देहरादून । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने मंगलवार को लोक भवन में ‘सेवा, समर्पण और नवाचार के पांच वर्ष‘ शीर्षक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।
लोक भवन सूचना परिसर द्वारा तैयार यह पुस्तक राज्यपाल के पांच वर्षों के कार्यकाल, प्रमुख पहलों और उपलब्धियों पर आधारित है। राज्यपाल ने 15 सितंबर 2026 को उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में पांच वर्ष पूर्ण किए हैं।
पुस्तक में उनके प्रेरणादायी विचारों, विभिन्न मिशनों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं आधुनिक तकनीक, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहलों को चित्रों और विवरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
राज्यपाल ने कहा कि यह पुस्तक केवल पांच वर्षों की गतिविधियों और उपलब्धियों का संकलन नहीं, बल्कि सेवा के प्रति प्रतिबद्धता, नए विचारों और जनहित में किए गए प्रयासों का दस्तावेज है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इसमें प्रस्तुत पहलें प्रदेश में नवाचार, जनभागीदारी और विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेंगी।
इस अवसर पर राज्यपाल ने हाल ही में लोक भवन में आयोजित सूचना का अधिकार विषयक वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट डिबेट करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया।

You may have missed