उत्तरांचल प्रेस क्लब में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक मनोज इष्टवाल का सम्मान

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब ने शनिवार को वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं शोधकर्ता मनोज इष्टवाल को उनकी हाल ही में प्रकाशित कॉफी टेबल बुक *”कण्वाश्रम – भरत से भारतवर्ष”* के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों और वरिष्ठ पत्रकारों ने उनके दीर्घकालीन शोध एवं साहित्यिक योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की।

कार्यक्रम में उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि यह कृति मनोज इष्टवाल के सतत समर्पण, शोध और साधना का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होगी तथा कण्वाश्रम के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को समझने में एक प्रामाणिक दस्तावेज का कार्य करेगी।

सम्मान ग्रहण करते हुए मनोज इष्टवाल ने कहा कि यह पुस्तक उनके तीन दशकों के अथक परिश्रम और शोध का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक के प्रकाशन तक का संघर्ष भी अपने आप में एक अलग दस्तावेज बन सकता है। उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब ने उनके कार्य को सम्मान देकर शोध और साहित्य के प्रति नई ऊर्जा प्रदान की है।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने भी मनोज इष्टवाल के शोधपूर्ण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह पुस्तक उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और उसके व्यापक प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ज्ञात हो कि विगत 19 जुलाई 2026 को कण्व नगरी कोटद्वार में मनोज इष्टवाल की इस पुस्तक *कण्वाश्रम-भरत से भारतवर्ष* का लोकार्पण विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, पर्यटन एवं धर्मस्व संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज, सैनिक कल्याण एवं क़ृषि मंत्री गणेश जोशी, कोटद्वार मेयर शैलेन्द्र रावत व लेफ्टिनेंट जनरल जे एस नेगी के द्वारा किया गया।

इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, महामंत्री योगेश सेमवाल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य रश्मि खत्री, सुलोचना पयाल, मनवर सिंह रावत, वरिष्ठ पत्रकार अरुण शर्मा, शिव प्रसाद सती, इन्द्र सिंह नेगी, अवधेश नौटियाल, रमन जायसवाल, दीपक कैंतुरा तथा रंगकर्मी नन्द लाल भारती सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।