सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल में अखिल भारतीय IPSC बालिका टेनिस टूर्नामेंट का भव्य समापन
देहरादून । सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून के टेनिस कोर्ट में 1 से 5 जून 2026 तक आयोजित अखिल भारतीय IPSC बालिका टेनिस टूर्नामेंट (अंडर-14, 17 एवं 19) का भव्य समापन समारोह अत्यंत उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। देशभर के 13 प्रतिष्ठित विद्यालयों की छात्राओं ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
टीम स्पर्धाओं के परिणाम
टीम फाइनल में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
अंडर-14 टीम फाइनल में DPS मथुरा रोड ने डेली कॉलेज, इंदौर को 2-1 से पराजित कर खिताब जीता। अंडर-17 टीम फाइनल में YPS मोहाली ने RKKGPS जोधपुर को 2-1 से हराकर चैम्पियनशिप अपने नाम की। अंडर-19 टीम फाइनल में भी YPS मोहाली ने डेली कॉलेज, इंदौर को 2-1 से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमाया।
तृतीय स्थान के लिए अंडर-14 में जेनेसिस नोएडा, अंडर-17 में WGS देहरादून और अंडर-19 में MOD बाराखंभा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं के परिणाम
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपना लोहा मनवाया।
अंडर-14 व्यक्तिगत फाइनल में DPS मथुरा रोड की सान्वी ने डेली कॉलेज इंदौर की आन्या को 6-3 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 व्यक्तिगत फाइनल में YPS मोहाली की सहेज ने RKKGPS जोधपुर की दर्शामिनी को 6-0 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। अंडर-19 व्यक्तिगत फाइनल में डेली कॉलेज इंदौर की रीत ने HPS बेगमपेट की महानिया को 6-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
तृतीय स्थान की स्पर्धाओं में अंडर-14 में YPS मोहाली की अयाना, अंडर-17 में YPS पटियाला की जपमन और अंडर-19 में YPS मोहाली की तमन्ना ने तीसरा स्थान हासिल किया।
चेयरमैन श्री ओम पाठक ने दिए पुरस्कार
समापन समारोह में विद्यालय के चेयरमैन श्री ओम पाठक ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इन युवा खिलाड़ियों का जोश, समर्पण और खेल भावना देखकर मन गर्व से भर उठता है। उन्होंने कहा कि सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल सदैव देश की युवा प्रतिभाओं को एक उचित मंच देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा और ऐसे आयोजन आने वाले वर्षों में भी निरंतर जारी रहेंगे। श्री पाठक ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, कोचों और अभिभावकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि इन खिलाड़ियों में से ही कल के राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय चैम्पियन निकलेंगे।
हेडमास्टर डॉ. दिलीप कुमार पांडा का संदेश
सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के हेडमास्टर डॉ. दिलीप कुमार पांडा ने अपने संदेश में कहा कि इस टूर्नामेंट ने यह सिद्ध कर दिया कि भारत के विद्यालयों में असाधारण टेनिस प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें केवल सही मंच और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, धैर्य और जीवन में आगे बढ़ने की सीख भी देता है। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए अन्य प्रतिभागियों को भी हौसला बनाए रखने का संदेश दिया।
हेड ऑफ स्पोर्ट्स एवं खेल प्रभारी श्री कंवलजीत सिंह धालीवाल का वक्तव्य….
विद्यालय के हेड ऑफ स्पोर्ट्स एवं खेल प्रभारी श्री कंवलजीत सिंह धालीवाल ने टूर्नामेंट के सफल समापन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष का टूर्नामेंट पिछले सभी संस्करणों से अधिक प्रतिस्पर्धी और रोमांचक रहा। उन्होंने कहा कि देशभर के 13 विद्यालयों की इन युवा खिलाड़ियों ने जिस स्तर का टेनिस खेला, वह भारतीय टेनिस के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। श्री धालीवाल ने कहा, “ये खिलाड़ीं आज विद्यालय स्तर पर खेल रही हैं, लेकिन एक दिन ये राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम लहराएंगी।” उन्होंने सभी कोचों, अम्पायरों और आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष धन्यवाद किया।
