महापौर ने कहा लोअर नत्थनपुर की समस्याओं का जल्द होगा निवारण

0

महापौर ने उन्नति विहार लोअर नत्थनपुर पहुंचकर स्थानीय लोगों की सुुुनी समस्याएं

देहरादून: महापौर सुनील उनियाल गामा ने उन्नति विहार लोअर नत्थनपुर पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने क्षेत्र भ्रमण कर लोगों की दिक्कतें देखीं और मौके पर इसके व्यावहारिक समाधान के निर्देश दिए।
कालोनी वासियों ने सड़क किनारे नालियों के निर्माण में पार्षद पर मनमानी का आरोप लगाया।
उन्नति विहार विकास समिति के अनुरोध पर महापौर सुनील उनियाल गामा मंगलवार सुबह 11 बजे कालोनी में पहुंचे। उन्होंने उन्नति विहार चौक से नीचे की तरफ सटी कालोनियों में सड़क किनारे बनाई जा रही नालियों के निर्माण का जायजा लिया। कालोनीवासियों ने नाराजगी जताई कि मुख्य चौराहे के ऊपरी भाग में स्थित कालोनियों की नालियों का पानी अव्यवहारिक तरीके से उन्नति विहार की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है। यही नहीं, आधी अधूरी नालियां बनाकर पानी सड़क पर छोड़ दिया जा रहा है। छह महीने पहले ऐसे ही एक नाली का पानी कालोनी की सड़क पर छोड़ दिया गया था।
कालोनी वासियों की यह भी शिकायत थी कि जो नाली पूर्व में बनाई गई थी, उसमें किसी मानक का पालन नहीं किया गया। कहीं नाली तीन फीट गहरी और तीन फीट चौडी खोदी गई तो कहीं पर इसे एक फीट चौड़ा और एक नौ इंच गहरा बनाया गया है। कुछ जगह इसे सड़क के लेबल पर लाकर छोड़ दिया गया। इसके चलते पिछली बरसात में कालोनी के लोगों का सड़क पर गुजरना मुश्किल हो गया था। कालोनी वासियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय पार्षद रवि गुसाईं को वह पिछले कई महीनों से अपनी समस्या बता रहे हैं, साथ ही मुख्य चौराहे से नालियों के पानी का डायवर्जन मुख्य नहर में करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात को अनसुना किया जा रहा है।
महापौर ने गंभीरतापूर्वक कालोनीवासियों की दिक्कतें सुनीं। व्यावहारिक दिक्कतों को महसूस करते हुए महापौर ने मौके पर मौजूद निगम के अभियंता करमवीर सिंह से मुख्य चौराहे से नालियों के पानी का डायवर्जन करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऊपरी कालोनियों की नालियों का पानी मुख्य नहर तक ले जाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्नति विहार विकास समिति ने समस्या का हल निकालने के लिए महापौर का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *