सक्रिय सहभागिता के साथ संगठन को मजबूती प्रदान करना होगा
उत्तराखंड पत्रकार महासंघ की अहम बैठक संपन्न
देहरादून। उत्तराखंड पत्रकार महासंघ की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को देहरादून स्थित एक होटल में प्रदेश सचिव सुभाष कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री कृपाल सिंह बिष्ट ने किया।
बैठक में सर्वप्रथम हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह के आय-व्यय का विवरण सदस्यों के समक्ष रखा गया। इस दौरान कृपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि किसी भी आयोजन को सफल बनाने में सभी की सामूहिक भूमिका होती है। कार्यक्रमों के दौरान होने वाली छोटी-मोटी कमियों से सीख लेते हुए आगामी आयोजनों को और बेहतर एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित किये जाने की रणनीति तैयार की जायेगी ।
उन्होंने सभी सदस्यों से अनुरोध किया कि व्यक्तिगत आपसी मतभेद भुलाकर एक दूसरे के प्रति बेहतर तालमेल बनाये जाना चाहिए , ताकि भविष्य में उसकी पुनरावृत्ति न हो।
बैठक में सदस्यों से वार्षिक सदस्यता शुल्क एक सप्ताह के भीतर जमा करने का अनुरोध किया गया, जिससे समय पर सदस्यों के पहचान पत्र तैयार किए जा सकें। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि वही सदस्य शुल्क जमा करें जो महासंघ की बैठकों एवं विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से सहभागिता निभाने के लिए समय दे सकें। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय भी लिया गया कि लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले सदस्य की सदस्यता स्वत: ही निरस्त मानी जाएगी।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं आपसी समन्वय को बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह 15 से 30 तारीख के बीच शनिवार अथवा रविवार को बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। विशेष बात यह रहेगी कि प्रत्येक माह बैठक महासंघ के किसी एक सदस्य के आवास पर आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य सभी सदस्यों के बीच पारिवारिक संबंधों को मजबूत करना तथा एक-दूसरे के आवास एवं क्षेत्र से परिचित होना है, ताकि भविष्य में किसी आयोजन अथवा आवश्यकता के समय सभी सदस्य एक-दूसरे तक आसानी से पहुंच सकें।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री कैलाश सेमवाल ने अपने विचार रखते हुए कहा कि महासंघ के सभी सदस्यों को एक परिवार की तरह संगठित होकर कार्य करना चाहिए। आपसी सहयोग, समन्वय और एकजुटता से ही संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान की जा सकती है।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष श्री राजीव मैथ्यू, जिला उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र सिराड़ी, श्री राजेश बहुगुणा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष श्री राकेश भट्ट, श्री वीके शर्मा, जिला सचिव सुश्री टीना वैश्य, जिला कोषाध्यक्ष श्रीमती इंद्रेश्वरी मंमगई, जिला प्रचार मंत्री श्री जितेंद्र राजौरी, श्री जितेंद्र सिंह, श्री जनक भाटिया तथा वरिष्ठ सदस्य श्री शिवनारायण सहित महासंघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
