जिंदा पत्नी का पिंडदान कर फोटो गंगा में बहाया, गंगा सभा नाराज
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में विश्वप्रसिद्ध प्रसिद्ध हरकी पैड़ी पर आस्था से खिलवाड़ का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक शख्स अपनी पत्नी की फोटो के साथ अशोभनीय व्यवहार के बाद उसे गंगा में प्रवाहित करता दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि शख्स अपनी पत्नी की रील बनाने की आदत से नाराज था और इसी नाराजगी में उसने जिंदा पत्नी का पिंडदान कर डाला। इस अशोभनीय व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहितों और हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। गंगा सभा की शिकायत पर पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी है।
गौर हो कि मां गंगा में करोड़ों लोगों की आस्था है लेकिन आस्था के साथ खिलवाड़ के मामले सामने आते रहते हैं। कभी युवतियों के फिल्मी गानों पर डांस तो कभी युवकों के गंगा किनारे शराब पीने के वीडियो वायरल होते रहते हैं। कुछ दिन पूर्व भी एक महिला द्वारा गंगा में कुत्ते को नहलाने को लेकर विवाद हो गया था। ऐसा ही एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में युवक हरकी पैड़ी के पास गंगा घाट पर एक शख्स का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि शख्स के हाथ में एक फोटो दिखाई देती है, जिसके साथ पहले वह पहले अपमानजनक तरीके से व्यवहार करता है और फिर गंगा में बहा देता है। इतना ही नहीं, शख्स गंगा में पिंड भी डालता हुआ दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि ऐसी हरकत करने वाला शख्स अपनी पत्नी की रील बनाने की आदत से नाराज है और आवेश में आकर उसने जिंदा पत्नी का पिंडदान कर डाला। मौके पर आसपास मौजूद कुछ लोग भी वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस कृत्य को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया है।
तीर्थ पुरोहित समाज ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने कहा कि हरकी पैड़ी करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इस प्रकार की हरकत किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती। गंगा तट पर इस तरह का वीडियो बनाना और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना धर्म के विरुद्ध है। यह सब होता देखकर भी कुछ न बोलने वाले लोगों की भी गलती है। पुलिस के संज्ञान में भी मामला डाला है। निश्चित रूप से ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होती है, तो निश्चित रूप से ऐसा शर्मनाक कृत्य करने वाले लोगों पर लगाम लगेगी।
हरकी पैड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की वास्तविकता की जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे शख्स की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौर है कि, हरिद्वार में आस्था से खिलवाड़ का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व में भी कई मामले सामने आ चुके हैं। सोशल मीडिया के जमाने में ऐसा करने वाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई करना प्रशासन के लिए भी चुनौती है।