द ओवल’ मैदान में क्रिकेट का महाकुंभ, देशभर की 11 टीमें खिताब के लिए आमने-सामने…
रोमांचक मुकाबलों से शुरू हुआ टूर्नामेंट, वेल्हम बॉयज़ और कासिगा स्कूल की दमदार जीत
देहरादून। शिवालिक पर्वतमाला के मध्य स्थित खूबसूरत कासीगा स्कूल में सभी क्रिकेट प्रेमियों का पुन: स्वागत है ! जहाँ विश्वभर के क्रिकेटप्रेमी मौसम के बदलते तेवर और बढ़ते तापमान में इन दिनों आई.पी.एल २०-२० मैच का आनंद उठा रहें हैं, वहीं कासीगा स्कूल ने भी देश को होनहार क्रिकेटर प्रदान करने की मंशा से तथा खिलाडियों को ऊर्जावान बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय पी.सी. बत्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया है | वस्तुतः प्रत्येक व्यक्ति में कुछ अलग करने की आग होती है जो उसे नींद से जगाये रखती है और अपनी आंतरिक ऊर्जा के स्फुरण द्वारा प्रेरित वह व्यक्ति चैम्पियन बनने की जिद में जुट जाता है – इसी चिंतन को आधार प्रदान करने के लिए देहरादून की सुरम्य वादियों के बीच कासीगा स्कूल में अखिल भारतीय पी.सी. बत्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आरम्भ से हो गया है |
यह टूर्नामेंट कासीगा स्कूल के चेयरमैन श्री रमेश बत्ता के सपनों का प्रतिफलन है, जिसे उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय प्रकाश चंद बत्ता की स्मृति के रूप में स्थापित किया है | बहुमुखी प्रतिभा के धनी श्री रमेश बत्ता स्वयं एक उत्साही खिलाड़ी हैं और उनकी संकल्पना यह है कि छात्रों को टूर्नामेंट में प्रतिभाग कराकर, उनकी क्षमता एवं दक्षता को उन्नति देकर देश को उत्कृष्ट खिलाडी प्रदान किये जायें | बतौर मुख्य अतिथि, उन्होंने आज के उद्घाटन सत्र में भी खिलाडियों के बीच इसी सन्देश की पुनरावृत्ति की और मेहनत, लगन व कौशल विकास पर बल दिया | अखिल भारतीय पी.सी बत्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट इसी सृजनात्मक सोच का सुनहरा क्रियान्वयन है !
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि, कासीगा स्कूल के चेयरमैन श्री रमेश बत्ता ने उपस्थित दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से संपन्न कासीगा स्कूल का क्रिकेट मैदान ‘द ओवल’ अपनी विशेषताओं के लिए विख्यात है | इन्ही विशेषताओं के कारण बी सी सी आई से प्रमाणित इस मैदान ने विजय हज़ारे तथा रणजी ट्रॉफी क्रिकेट मैच की मेजवानी की है | इस अवसर पर विद्यालय के सीईओ एवं हेड ऑफ स्कूल डॉ. माधव देव सारस्वत ने अपने अभिभाषण में सभी आगंतुकों का स्वागत किया और खिलाडियों को शुभकामनाएं दीं तथा उत्कृष्ट टीम के जीत की कामना की | इस अवसर पर डरेक्टर श्री सिद्धार्थ बत्ता , उप विद्यालय-प्रमुख श्रीमती अरुंधती शुक्ला,बर्सर, श्री जिंदल सहित सभी गणमान्यों तथा छात्रों की उपस्थिति ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिये|
वस्तुत: यह क्रिकेट मैदान अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी की क्षमता एवं गुणवत्ता रखता है और अरुण जेटली मैदान, दिल्ली तथा आई एस बिन्द्रा मैदान, मोहाली से भी बड़ा है | राष्ट्रीय स्तर के अनेक नामचीन खिलाडियों ने इस पिच पर खेलने का आनंद उठाया है और स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर व जर्सी फिल्मों में भी इसकी ख़ूबसूरती को प्रदर्शित किया गया है | चेयरमैन श्री रमेश बत्ता के संरक्षण में कासीगा स्कूल का यह क्रिकेट मैदान स्तरीयता में देशभर के सभी विद्यालयों में अपना अन्यतम स्थान रखता है तथा हमेशा मैचों की मांग में बना रहता है !
पी.सी. बत्ता क्रिकेट टूर्नामेंट के इस महाकुम्भ में कासीगा की टीम सहित ११ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं जिनकी नजर विद्यालयी क्रिकेट स्पर्धा में लब्धप्रतिष्ठित अखिल भारतीय पीसी बत्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट’ के खिताब पर टिकी रहेंगी । प्रति वर्ष टीमों के उत्साह में वृद्धि को देखकर ऐसा लगता है कि चेयरमैन श्री रमेश बत्ता की संकल्पना को स्वरूप मिल रहा है |
उद्घाटन मैच तुलाज इंटरनेशनल स्कूल और वेल्हम बॉयज़ स्कूल के बीच खेला गया जिसमें तुलाज इंटरनेशनल स्कूल ने बल्लेबाजी करते हुए २० ओवर में ८० रन बनाये लेकिन वेल्हम बॉयज़ स्कूल की टीम ने ११.१ओवर में ८१ रन बनाकर तुलाज इंटरनेशनल स्कूल को पहले ही लीग मैच में हराकर आसान जीत हासिल की | वेल्हम बॉयज़ स्कूल के प्रख्यात जैन को मैंन ऑफ़ द मैच का ख़िताब मिला जिन्होंने अच्छी गेंदबाजी करते हुए ४ ओवर में ११ रन देकर 3 विकेट लिए |
पहले दिन के दूसरे मैच में वाइन वर्ग ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए १७.१ ओवर में सभी विकेट खोकर ८० रनों का लक्ष्य रखा जिसका पीछा करते हुए मेज़बान कासिगा स्कूल ने मात्रा ६.४ ओवर में ही शानदार जीत हासिल की | कासिगा स्कूल के आर्यन भाटिया को मैन ऑफ़ द मैच का ख़िताब मिला जिन्होंने धुआधार बल्लेबाजी करते हुए २४ गेंदों का सामना करके ५१ रनो की नाबाद पारी खेली |निश्चय ही ‘अखिल भारतीय पी.सी बत्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट’ भारत भर के सुप्रसिद्ध बोर्डिंग स्कूलों के प्रतिभावान छात्रों को खिलाडियों के रूप में पहचान दिलाकर उनके स्तर को उन्नत करने के अपने संकल्प में सफल हो रहा है |